डायल 112 ने घायलों को भेजा अस्पताल, यूपी की रहने वाली है महिला बक्सर खबर। रविवार को वीर कुंवर सिंह पुल से एक महिला अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ गंगा नदी में कूद गई। देखते ही देखते मौके पर हड़कंप मच गया, लेकिन गनीमत रही कि पुल के नीचे मछली पकड़ रहे मछुआरों ने फौरन हालात भांपते हुए बिना देर किए नाव से दोनों को बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से मां-बेटे की जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला उत्तर प्रदेश के बसंतपुर गांव की अनुसूचित बस्ती की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि, महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मां-बेटे दोनों सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने मछुआरों की सूझबूझ और साहस की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि अगर कुछ पल की भी देरी हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मछुआरों की फुर्ती ने दो जिंदगियों को बचा लिया।






























































































