बक्सर खबर। बिक्रमगंज की धरती पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक आगमन 30 मई को होने जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर की जबरदस्त सफलता के बाद अब शाहाबाद में यह जनसभा विशेष महत्व रखती है। इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए नगर भवन में एनडीए की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने शिरकत की। सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अमित पांडेय ने ज्योति चौक पर भव्य तरीके से किया।
अमित पांडेय द्वारा तैयार किए गए विशेष प्रचार रथ को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने संयुक्त रूप से पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ बिक्रमगंज में होने वाली ऐतिहासिक जनसभा के लिए सदर विधानसभा क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाएगा। अमित पांडेय ने बताया कि 30 मई को होने वाली इस सभा में बक्सर विधानसभा से हजारों की संख्या में लोग भाग लेने के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि यह सभा न सिर्फ ऐतिहासिक होगी, बल्कि यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शाहाबाद की राजनीति में एक नई दिशा भी तय करेगी।




































































































