आईटीआई फील्ड स्थित नियोजनालय में मेरेली मोटर्स देगी मशीन ऑपरेटर बनने का मौका बक्सर खबर। जिला नियोजनालय द्वारा 24 मार्च को एक विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शिविर स्थानीय संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित नियोजनालय परिसर में आयोजित होगा। इस रोजगार शिविर में मेरेली मोटर्स ऑन ऑटो सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा मशीन ऑपरेटर के 200 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑन-द-स्पॉट होगी, जिसमें अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर किया जाएगा। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं या आईटीआई (किसी भी ट्रेड) निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात में कार्यस्थल दिया जाएगा। यह अवसर केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 13,000 रुपये वेतन दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार अपने साथ बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर शिविर में उपस्थित हो सकते हैं। शिविर में भाग लेने के लिए नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे नेशनल करियर सर्विस पोर्टल www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। नियोजनालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी। नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों के लिए नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। यह विशेष रोजगार शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगा।


































































































