जेपी आंदोलन में इस्तीफा देने वाले बिहार के पहले विधायक और बीएचयू आंदोलन के प्रणेता को कार्यकर्ताओं ने किया नमन बक्सर खबर। ब्रह्मपुर प्रखंड के कुरूथिया गांव में लालमुनी चौबे स्मृति न्यास द्वारा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं बक्सर लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहे लालमुनी चौबे की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम न्यास परिसर स्थित सभागार में आयोजित हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। न्यास के संस्थापक अध्यक्ष उदय उज्जैन ने अपने संबोधन में कहा कि लालमुनी चौबे जैसे व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेते हैं। वे मां भारती के सच्चे सपूत थे और अपने सिद्धांतों के प्रति हमेशा अडिग रहे। उन्होंने बताया कि 1974 के जेपी आंदोलन में चौबे जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और वे बिहार से इस्तीफा देने वाले पहले विधायक थे।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जब बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के नाम से हिंदू शब्द हटाने को लेकर विवाद हुआ, तब लालमुनी चौबे ने इसका पुरजोर विरोध किया और आंदोलन चलाकर सरकार को अपना निर्णय बदलने पर मजबूर किया। उदय उज्जैन ने कहा कि आज के राजनीतिक परिदृश्य में ऐसे सिद्धांतवादी नेताओं की कमी महसूस होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लालमुनी चौबे के पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन से प्रेरणा लें। इस अवसर पर भाजपा बगेन मंडल के वरीय उपाध्यक्ष धीरज कुमार पांडे, महामंत्री मंजी पासवान, विनय कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, बीरेन्द्र पासवान, सत्येंद्र जी, अजय कुमार टुन्ना, रामजी कुमार, टनमन यादव, शिवजी कुमार, विशाल कुमार, रेयांश उज्जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।
































































































