बक्सर खबर। एक साल पहले ही मंगीता (26) का विवाह सिकरौल थाना के कंजियां गांव में हुआ था। पति उमेश चौधरी दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। पत्नी यहां ससुराल वालों के साथ गांव में रह रही थी। उसने पारिवारिक कलह के कारण सोमवार की रात फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह घर वालों को इसका पता चला। उन्होंने सिकरौल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में पूछने पर सिकरौल के थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया मंगीता का मायका इटाढ़ी थाना के आलमपुर गांव है। उसके परिवार वालों को इसकी सूचना दी गई। पिता डमरु चौधरी पहुंचे। उन्होंने बताया वर्ष 2017 में शादी हुई थी। ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। वह अपने पति के साथ रहने की जिद कर रही थी। मेरा यह मानना है उसकी मौत पति के कारण हुई है। क्योंकि उमेश मेरी बेटी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करता था। संभवत: सोमवार को उसने फोन पर कुछ बुरा भला कहा। इस वजह से उसने ऐसा कदम उठाया।



































































































