गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी अनूठी झलक, डॉ. दिलशाद और डॉ. सीएम सिंह ने दिया सामाजिक एकता का संदेश बक्सर खबर। शहर के चीनी मिल मोहल्ला में शनिवार की शाम रोटरी क्लब, साबित खिदमत फाउंडेशन एवं मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक साथ मिलकर ईद की खुशियां साझा की। इस मौके पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि इस्लाम में जंगे बदर की जीत की खुशी में 30 रोजे पूरे होने के बाद ईद मनाई जाती है। यह दिन रोजेदारों के लिए खास महत्व रखता है और अल्लाह का शुक्र अदा करने का अवसर होता है।
वहीं डॉ. सीएम सिंह ने ईद के संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष वे अपने मुस्लिम भाइयों के घर जाकर सेवई का स्वाद लेते हैं, जिससे ईद की मिठास और सामाजिक एकता का अहसास होता है। समारोह में डॉ. शैलेश राय, आगामी सत्र के रोटरी प्रेसिडेंट निर्मल सिंह, दीपक अग्रवाल, डॉ. कुमार गांगेय राय, डॉ. वीके सिंह, सौरभ तिवारी, डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. सिंह, डॉ. अरुण कुमार, साबित रोहतास्वी सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया।



































































































