कक्षा 9वीं–10वीं के छात्रों के बीच क्विज प्रतियोगिता, विजेताओं को किया गया सम्मानित बक्सर खबर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और भावी पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर रेडियंट पब्लिक स्कूल की दोनों शाखाओं, शहर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी एवं सदर प्रखंड स्थित कृतपुरा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल के पालन, पैदल चलने के सुरक्षित नियमों तथा सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के प्रति छात्रों को जागरूक करना रहा।
क्विज के दौरान पूछे गए प्रश्नों के उत्तरों से यह स्पष्ट हुआ कि छात्र सड़क सुरक्षा नियमों और उनके महत्व को अच्छी तरह समझते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा 9वीं की छात्रा स्नेहा सिंह एवं रिया सिंह ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कक्षा 10वीं की रिया सिंह एवं आशिष कुमार सिंह तथा तृतीय स्थान कक्षा 10वीं के रक्षित ठाकुर एवं कक्षा 9वीं के हिमांशु सिंह को मिला। इसके अलावा कई विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट परफॉर्मर के रूप में सम्मानित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। एमवीआई संदीप कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। विद्यालय के निदेशक पारसनाथ सिंह, प्रधानाध्यापक जय प्रकाश सिंह एवं उप प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। समापन अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।





































































































