बक्सर खबर। डुमरांव में शुक्रवार की रात पकड़े गए पूर्व मुखिया सह बसपा नेता विरेन्द्र यादव का लाइसेंस रद्द होगा। इसकी सिफारिश एसपी कार्यालय ने जिलाधिकारी से की है। मुरार थाना के नचाप निवासी विरेन्द्र को डुमरांव पुलिस ने विधि व्यवस्था खराब करने के आरोप में पकड़ा था। उन्होंने तब शराब भी पी रखी थी। रात के वक्त ही उसे डुमरांव से जिला मुख्यालय पहुंचा दिया गया था।
इसकी जानकारी शनिवार को पुलिस कप्तान राजेश कुमार ने दी। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया हथियार के बल पर प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीसी के दौरान कप्तान ने बताया शुक्रवार को एक और अभियुक्त नावानगर थाना के गिरधर बरांव से गिरफ्तार किया गया। वहां पहुंची नावानगर की पुलिस ने भोला सिंह पुत्र कमला सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से दो देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। एसपी ने बताया इसके खिलाफ पहले से गांव में मारपीट करने का मुकदमा दर्ज है। पुलिस पहले से उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच शुक्रवार की शाम असलहे के साथ दबोचा गया। उसे लेकर शनिवार की सुबह नावानगर थाना प्रभारी जुनैद आलम बक्सर पहुंचे। पीसी के दौरान एसपी कार्यालय में वे भी मौजूद थे।































































































