मॉडल स्कूल, नगर भवन, शवदाह गृह, हाई मास्ट लाइट व सामुदायिक भवन निर्माण सहित कई योजनाओं की हुई समीक्षा बक्सर खबर। स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में पावर प्लांट से प्रभावित क्षेत्रों के विकास एवं पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान आर एंड आर के तहत क्रियान्वित की जाने वाली विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें मॉडल स्कूल का निर्माण, शहर के नगर भवन का जीर्णोद्धार, चौसा नगर भवन का निर्माण, चौसा प्रखंड में शवदाह गृह की स्थापना, शव वाहन की खरीद, हाई मास्ट लाइट लगाने तथा सामुदायिक भवन-सह-विवाह भवन के निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
समीक्षा के क्रम में पावर प्लांट से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को पुनर्वास अनुदान के वितरण की स्थिति पर भी चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरजी वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और आर एंड आर के तहत प्रस्तावित सभी योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी साहिला, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






























































































