अंतरराष्ट्रीय मंच पर 75 किलो भार वर्ग में बिहार पुलिस की महिला सिपाही ने बढ़ाया देश का मान, नेपाल के खेल मंत्री ने किया सम्मानित बक्सर खबर। जिले की पंचरत्ना कुमारी ने नेपाल के काठमांडू में आयोजित साउथ एशिया कॉम्बैट कुश्ती चैंपियनशिप में 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा लहराया, उन्होंने श्रीलंका, नेपाल और पाकिस्तान के पहलवानों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की और पटना यातायात पुलिस में कार्यरत हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में साउथ एशिया के आठ देशों की महिला पहलवानों ने भाग लिया। कड़े और रोमांचक मुकाबलों की श्रृंखला में पंचरत्ना कुमारी ने अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और अदम्य साहस का परिचय देते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को परास्त किया और फाइनल मुकाबले में निर्णायक जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। समापन समारोह में नेपाल सरकार के खेल मंत्री संतोष पांडे ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विभिन्न देशों के खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि पंचरत्ना कुमारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहरा सकती हैं। यह उपलब्धि बिहार पुलिस और पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। वहीं चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी ने बधाई देते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना अत्यंत सराहनीय है। उनकी सफलता से जिले और राज्य की बेटियों को नई प्रेरणा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पंचरत्ना कुमारी ग्राम तियारा, पोस्ट मनोहरपुर, थाना राजपुर, जिला बक्सर की निवासी हैं। उनके पिता राधेश्याम प्रसाद मजदूर हैं तथा माता सरस्वती बौद्ध गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बुद्धिजीवी विकास मंच के संयोजक प्रो. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामाशीष कुशवाहा, वॉर्ड पार्षद चंदन चौधरी, विनोद कुमार यादव, जीतेंद्र यादव, शमीम साईं, भुवर राइन, भरत पाण्डेय, विजय राम, दिलबहार चौधरी सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






























































































