-जवान बेटे का शव देख फफक पड़े परिजन
बक्सर खबर। कोरानसराय थाना क्षेत्र के दखिनांव गांव का युवक फंदे से लटक गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब दस बजे की है। इसकी जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। आहत परिवार वालों से पूछताछ होती रही। पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। बेटे को खोने का गम उन्हें जैसे अंदर तक तोड़ गया था। मृत युवक अंकुश कुमार दुबे (18) दखिनांव निवासी अनिल कान्त दुबे का पुत्र था। दुबे का परिवार कोरानसराय के छोटका पड़ाव चट्टी के पास रहता है।
हालांकि गांव में उनका आनाजाना लगा रहता है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे अंकुश स्वजनों से गांव वाले घर जाने की बात कह निकला था तथा गांव वाले घर पहुंच वह सीढ़ी के सहारे पंखे में फंदा डाल लटक गया। कुछ घंटों के बाद उसे खोजते जब घरवाले वहां पहुंचे तो उसे फंदे पर लटका देख स्वजन चित्कार कर उठे। परिजनों के क्रंदन चित्कार सुन ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। किसी ने पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा शव को फंदे से उतार पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजी। कोरानसराय के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि स्वजनों ने किसी तरह की आशंका नहीं जताई है।