-एनएच पर फर्राटा भर रहे वाहन बन रहे लोगों के लिए काल
बक्सर खबर। अपने दो बच्चों के साथ घर लौट रही पिंकी देवी (26) की जान पिकअप चालक ने ले ली। दुर्घटना आरा-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर बुधवार की दोपहर एक बजे के लगभग हुई। सूचना के अनुसार पिंकी अपनी पति संतोष यादव के साथ बाइक द्वारा ससुराल ब्रह्मपुर थाना के रहथुआ गांव जा रही थी। उनके साथ दो बच्चे क्रमश: कार्तिक कुमार (तीन वर्ष) व अंशिका (डेढ़ वर्ष ) थे। तभी कृष्णाब्रह्म थाना के ठाकुर दयाल सिंह का टोला के समीप पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सभी घायल हो गिर पड़े। बच्चों और उनके पिता को हल्की चोट आई थी। लेकिन, पीछे बैठी पिंकी को गंभीर चोट आई थी। उसे तत्काल सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया। लेकिन, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना के अनुसार उसका मायका डुमरांव नगर के छठिया पोखरा मोहल्ला में है। वहां से अपने पति के साथ दोपहर के वक्त ससुराल जा रही थी। लेकिन, रास्ते में ऐसी दर्दनाक दुर्घटना हो गई।






























































































