-शहर में प्रभु श्रीराम व महर्षी विश्वामित्र की लगे प्रतिमा, पंचकोसी का हो विकास
बक्सर खबर। सिद्धाश्रम का पौराणिक महत्व पूरा देश जानता है। लेकिन, यहां सरकार के स्तर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं हुआ। यहां दो-दो ऐतिहासिक स्थल हैं। उनको भी बेहतर बनाया जा सकता है। पर्यटन विभाग का ध्यान इस तरफ आकर्षित करने के लिए बुधवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री व पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी ने पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने पर्यटन मंत्री से आग्रह किया कि इसकी पहल शुरू हो जानी चाहिए। क्रमवार इनका विकास किया जाए। जो महत्वपूर्ण मांगे उनके सामने रखी गई हैं।
उसमें बक्सर में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण व महर्षि विश्वामित्र की शिक्षा दान की मुद्रा में प्रतिमा, वामन मंदिर का विकास, पंचकोसी परिक्रमा स्थल का विकास और सरकारी स्तर से वार्षिक मेले का इंतजाम, अहिल्या धाम का विकास। रामेश्वर मंदिर और ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में पूर्णिमा और सोमवार को गंगा आरती का आयोजन किया जाए। नौ दिवसीय श्री सीताराम विवाह महोत्सव के आयोजन के लिए सरकारी इंतजाम। इन मांगों को लेकर इन नेताओं में लंबी चर्चा हुई। साथ ही सरकार के स्तर से इसका प्रयास शुरू करने का आश्वासन मिला। मिथिलेश तिवारी के साथ शंभुनाथ पांडेय प्रांतीय संयोजक गंगा समग्र अभियान, धनजी आदि लोग मौजूद थे।

































































































