ढाबा संचालक पर आधी रात हमला, 55 हजार नकदी लूटकर फरार हुए अपराधी

0
2737

घटनास्थल से मिली चार जिंदा कारतूस और एक मैगजीन,कुख्यात सुधीर दुबे समेत चार नामजद      बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एनएच-922 पर स्थित छोटका ढ़काइच गांव में गुरुवार देर रात अपराधियों ने एक ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला कर 55 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना रात लगभग 12:30 बजे विकास ढाबा पर उस समय घटी, जब संचालक विकास प्रधान ढाबा बंद करने की तैयारी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित ने बताया कि बड़का ढकाइच गांव के कुख्यात अपराधी सुधीर दुबे, नीरज दुबे, रितेश दुबे और रितिक दुबे ढाबे में घुस आए और बिना कुछ कहे अचानक हमला कर दिया। इसी दौरान रितेश दुबे ने पिस्टल की बट से विकास प्रधान के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

हमले के बाद आरोपी ढाबे के काउंटर से लगभग 55 हजार रुपये लूटकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन की। मौके से पुलिस ने चार जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने पीड़ित विकास प्रधान के बयान के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान शुरू किया गया है। वहीं घायल संचालक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। ज्ञात हो कि मुख्य आरोपी सुधीर दुबे झारखंड का कुख्यात अपराधी माना जाता है, जो पहले भी कई संगीन वारदातों में शामिल रह चुका है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here