खेल, शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र की उत्कृष्ट महिलाओं को डीएम ने किया पुरस्कृत बक्सर खबर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को नगर भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल, जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी तथा अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलने से ही समाज का समग्र और सतत विकास संभव है। उन्होंने जीविका समूहों की सराहना करते हुए कहा कि जीविका दीदियां संगठित होकर आर्थिक और सामाजिक बदलाव की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं। समूह की एकजुटता ही महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय, चक्की की छात्राएं रोशनी और खुशी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं आईसीडीएस और जीविका से जुड़ी महिलाओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में खो-खो की खिलाड़ी पूजा कुमारी को खेलो इंडिया यूथ गेम 2025 में राज्य स्तर पर सहभागिता के लिए तथा जूडो खिलाड़ी श्रद्धा नंदनी को राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। समाहरणालय से संबंधित सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए बा.वि.परि पदाधिकारी श्वेता कुमारी तथा महिला पर्यवेक्षिका सुनीता कुमारी को सम्मानित किया गया। जीविका समूह से पवनी की सुनीता देवी और नुआंव की खुशबू कुमारी को भी उनके कार्यों के लिए सम्मान मिला। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक बंटी देवी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में राज संपोषित बालिका उच्च विद्यालय की सृष्टि भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुंवर सिंह मध्य विद्यालय की शगुन गुप्ता द्वितीय और राजकीय डीके मध्य विद्यालय की निफहत खातून तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय चुरामनपुर की खुशी यादव प्रथम, उच्च माध्यमिक चुरामनपुर की पूजा कुमारी द्वितीय तथा राज संपोषित बालिका उच्च विद्यालय की प्रशंसा सिंहा तृतीय स्थान पर रहीं।



































































































