धनसोई में भी भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी, सजाए गए प्रमुख मार्ग और प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार बक्सर खबर। रामनवमी के अवसर पर शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर आयोजन समितियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के मुख्य मार्गों और मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों को झंडे-पताकों से आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। वहीं, शोभायात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। स्थानीय मूर्तिकारों- लाल बहादुर प्रजापति, राजकिशोर प्रजापति, आनंद कुमार, कमलेश कुमार, मुन्ना प्रजापति समेत अन्य कलाकार भगवान राम की भव्य प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उनकी कला से तैयार हो रही प्रतिमाएं इस बार की शोभायात्रा का विशेष आकर्षण होंगी। इस वर्ष प्रशासन द्वारा शहर में नौ पूजा समितियों को जुलूस निकालने का लाइसेंस अनुमंडल कार्यालय से जारी किया गया है। सदर एसडीओ अविनाश कुमार द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के धनसोई गांव में भी शोभायात्रा की अनुमति दी गई है। जिन समितियों को अनुमति मिली है, उनमें बंगाली टोला स्थित राम-जानकी मंदिर की रामनवमी पूजा समिति, नेहरू नगर की सर्वेश्वरी रामनवमी पूजा समिति, यमुना चौक की श्री जई ब्रह्मबाबा रामनवमी पूजा समिति, ठठेरी बाजार रामनवमी पूजा समिति, नई बाजार, मठिया मोहल्ला, तड़का नाला, ठठेरी बाजार की रामनवमी सुरक्षा समिति तथा गोलंबर स्थित निरंजनपुर रामनवमी समिति शामिल हैं।
ये शोभायात्राएं शुक्रवार को अपराह्न 3:00 बजे से शहर के मेन रोड, यमुना चौक, मुनीम चौक, ठठेरी बाजार, पीपी रोड और मॉडल थाना रोड से होकर गुजरेंगी। वहीं, धनसोई में हिंदू युवा संघ के तत्वावधान में जुलूस जंगलीया बाबा स्थान से सिसौंधा पेट्रोल पंप होते हुए ठाकुरबाड़ी, गांव के मुख्य मार्गों से गुजरकर हाई स्कूल पेट्रोल पंप तक निकलेगा। इधर, रामनवमी पूजा के लिए गुरुवार संध्या को रामरेखा घाट, गोला घाट और सती घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर कलश में पवित्र जल भरकर अपने घरों को प्रस्थान किया।
































































































