बक्सर खबर। चौसा-बक्सर मार्ग पर आज सोमवार को कार और बाइक की आमने-सामने भिडंत हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। कार का अगला पहिया भी फट गया। दुर्घटना भैया-बहिनी के नारा के पास दोपहर ढ़ाई बजे के लगभग हुई। कार में दूल्हा व परिवार के लोग सवार थे। बाइक पर सदर अस्पताल का प्रधान लिपिक व उसके एक रिश्तेदार सवार थे। कार वालों को हल्की चोटें आई। लेकिन, दोनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। एक घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार घायल लिपिक गुंजन कुमार (34) धनसोई का रहने वाला है। वह शहर के सोहनीपट्टी में रहता है। बाइक पर सवार दूसरे व्यक्ति का नाम जनार्दन सिंह (50) है। उनके सर में गंभीर चोट आई है। सूत्रों ने बताया लिपिक का एक पैर टूट गया हैं। उसे बेहतर उपचार के लिए यहां से रेफर किया गया है। यह दोनों लोग बाइक से दोपहर के वक्त बक्सर से राजपुर की तरफ जा रहे थे। तभी यह दुर्घटना हुई। मुफस्सिल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
































































































