पारस हॉस्पिटल में घुसे हथियारबंद बदमाश, आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर बक्सर खबर। पटना के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पारस हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बक्सर का कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सेकेंड फ्लोर पर उस वक्त हुई जब वह इलाज के लिए भर्ती था। पांच की संख्या में आए बदमाश हथियारों से लैस होकर सीधे वार्ड में घुसे और चंदन मिश्रा को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद मिश्रा को गंभीर हालत में आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत को स्थिर करने में जुटी है, लेकिन फिलहाल स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, चंदन मिश्रा राजेंद्र केसरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी और सजायाफ्ता है और लंबे समय से बेउर जेल में बंद था। तबीयत बिगड़ने पर उसे 20-21 दिनों की पैरोल पर बाहर लाया गया और पारस हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह अपने गांव सोनवर्षा में भी देखा गया था। घटना के तुरंत बाद शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पारस हॉस्पिटल जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई यह वारदात पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

अपराध की दुनिया का बड़ा चेहरा है चंदन मिश्रा
चंदन मिश्रा का नाम कई बड़ी वारदातों में रहा है। राजेंद्र केसरी हत्याकांड के अलावा उस पर हत्याएं, फिरौती और लूट जैसे संगीन मामलों के आरोप हैं। इस केस में उसके साथ शेरु सिंह का नाम भी सामने आया था, जो फिलहाल भागलपुर जेल में बंद है। बिहार की सबसे बड़ी लूट – आरा के तनिष्क शोरूम कांड में भी शेरु सिंह की संलिप्तता पाई गई थी। बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि मरीज की हालत बेहद गंभीर है और पटना पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटना को लेकर जिले में भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।