पीड़िता ने भाभी से अवैध संबंध होने और गहने छीनकर घर से निकालने का आरोप लगाया बक्सर खबर। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और गहने छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की शादी 23 अप्रैल 2024 को वाराणसी निवासी विष्णु सेठ पिता- सचितानंद वर्मा से हुई थी। शादी के शुरुआती दिन सामान्य रहे, लेकिन कुछ ही समय बाद पति और ससुराल वालों ने दहेज में एक लाख रुपये नगद, सोने की सिकड़ी, पलंग और बाइक की मांग करनी शुरू कर दी।
युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पति विष्णु सेठ का अपनी भाभी गीता देवी से अवैध संबंध है। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने बताया कि 29 जून 2024 की रात करीब 10:30 बजे उसके गहने छीन लिए गए और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। तब से वह अपनी पांच माह की बच्ची के साथ मायके में रह रही है।महिला ने पति, सास, जेठानी और ननदों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।