जिले में हुआ जोरदार अभिनंदन,14 बार के संघर्ष के बाद 15वें नेशनल गेम्स में मिला पहला गोल्ड बक्सर खबर। जिले के राजपुर प्रखंड स्थित पिठारी गांव के मूल निवासी जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित नेशनल मास्टर एथलेटिक्स गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 65 प्लस आयु वर्ग में उन्होंने 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। शनिवार की सुबह जैसे ही वे महाराष्ट्र से बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे, सैकड़ों स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और बैंड-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्टेशन से नगर भ्रमण कराते हुए उन्हें जिला अतिथि गृह तक ले जाया गया। इस दौरान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और कामरेड ज्योति प्रकाश की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया।
जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने बताया कि यह उनके जीवन का 15वां नेशनल मास्टर गेम्स था। इससे पहले वे 14 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे, जहां उन्हें कई बार रजत और कांस्य पदकों से संतोष करना पड़ा। उन्होंने कहा, पहली बार स्वर्ण पदक जीतने का सौभाग्य मिला है। रिटायरमेंट के बाद भी मेहनत और नियमित अभ्यास ने यह मुकाम दिलाया। उन्होंने अपने खेल जीवन की शुरुआत असम के लखीमपुर में की थी, जहां पहली बार दौड़ प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त हुआ था। शुरुआती दौर में वे एक बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी भी रहे और कई मेडल व शील्ड अपने नाम कर चुके हैं। वे असम में शिक्षक के रूप में कार्यरत रहे हैं। जगन्नाथ सिंह ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सफलता पाने की कोई उम्र नहीं होती। नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प से एक न एक दिन लक्ष्य जरूर हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दौड़ एक ऐसी विधा है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाती है।

युवा नेता अभिमन्यु सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अभिमन्यु सिंह कुशवाहा ने कहा कि 65 वर्ष की आयु में तीन स्वर्ण पदक जीतना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज तक एक भी उच्च स्तरीय खेल मैदान या स्टेडियम का निर्माण नहीं हो सका है। उन्होंने सरकार से शीघ्र ही जिले में आधुनिक स्टेडियम निर्माण की मांग की, ताकि खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस मौके पर दिनानाथ ठाकुर, रंजीत कुशवाहा, डॉ. रामबदन गुप्ता, डॉ. मनु कुशवाहा, आनंद कुशवाहा, मुकेश पासवान, सुभाष गौतम, जेपी कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, कृष्णा कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता 28 और 29 जनवरी को आयोजित की गई थी। जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने बताया कि 2500 मीटर की एक अन्य दौड़ अभी शेष थी, लेकिन अचानक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर के बाद प्रतियोगिता को बीच में ही स्थगित कर दिया गया।





























































































