राज्य सचिव ललन चौधरी और राज्य कमेटी सदस्य रंगलाल पासवान हुए शामिल, महागठबंधन की जीत का संकल्प बक्सर खबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शहर के मल्लाह टोली में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड रामचंद्र प्रसाद ने की। इस अवसर पर पार्टी के राज्य सचिव कामरेड ललन चौधरी और राज्य कमेटी के सदस्य कामरेड रंगलाल पासवान विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में बैठक का संचालन हुआ। बैठक की शुरुआत में कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की और भारत सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
राज्य सचिव कामरेड ललन चौधरी ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल एक कम्युनिस्ट ही आम जनता की समस्याओं को समझता है, उनके समाधान के लिए प्रयास करता है और उन्हें करके दिखाता है। उन्होंने आगामी 4 मई को राज्य में होने वाली महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कैमूर के जिला मंत्री एवं राज्य कमेटी के सदस्य कामरेड रंगलाल पासवान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्हें जब भी बक्सर जिले में उनकी आवश्यकता होगी, वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार को सत्ता से हटाने को महागठबंधन का एकमात्र लक्ष्य बताया और विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता उस सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार है जिसने हमेशा उनके साथ धोखा किया है। सभा को पूर्व सचिव भगवती प्रसाद, जिला कमेटी सदस्य अरुण कुमार ओझा, कामाख्या सिंह, धीरेंद्र चौधरी आदि ने भी संबोधित किया और पार्टी की नीतियों तथा आगामी रणनीतियों पर अपने विचार रखे।