जिला ओबीसी विभाग के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी बक्सर खबर। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के आह्वान पर रविवार को जिला इकाई द्वारा बढ़ती महंगाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। मेन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के समीप कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली रसोई गैस सिलेंडर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। महंगाई के कारण गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि देश इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और महंगाई की मार से आम लोग त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और लोगों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल सत्ता की राजनीति में व्यस्त है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की स्थिति प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन में जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, संजय कुमार दुबे, त्रियोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, मोहम्मद अयास, विमल चौबे, मुन्ना तुरहा, बबन तुरहा, राकेश यादव, पिंटू दुबे, यतेंद्र गुप्ता सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
































































































