चैती छठ, महावीरी पूजा और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक, बनी रणनीति

0
48

–हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध                                                                   बक्सर खबर। आगामी चैती छठ, महावीरी पूजा और महापर्व ईद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को सदर अनुमंडल कार्यालय कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने की। इस दौरान सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पाण्डेय, क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, सदर बीडीओ साधु शरण पांडेय तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, महावीरी पूजा के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के मार्ग निर्धारण तथा ईद के मौके पर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्थिति में डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सदर एसडीएम ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि महावीरी पूजा के दौरान निकलने वाले जुलूस से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां-जुलूस के आयोजक, मार्ग, समय तथा प्रतिभागियों की अनुमानित संख्या अति शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था की समुचित तैयारी की जा सके। अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों से भी अपील की कि वे त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।बैठक में दीपक पांडेय, हनुमान अग्रवाल, अधिवक्ता सुरेश संगम, डॉ. मनोज पांडेय, संजय सिंह, डॉ. श्रवण तिवारी, डॉ. निसार अहमद, छोटे खान, हामिद खान, सतीश चंद्र त्रिपाठी, रतन केजरीवाल, हिमांशु चतुर्वेदी सहित शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here