– घर लौटते समय कार ने मारी टक्कर ट्रक बन गया काल
बक्सर खबर। स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक की सड़क दुर्घटना में बुधवार को मौत हो गई। कन्या प्राथमिक विद्यालय दुल्लहपुर के शिक्षक कमलेश कुमार यादव हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गए। यह दुर्घटना उनके साथ बुधवार अपराहन 5:00 बजे के लगभग बलिया जिले के चितबड़ा गांव के समीप हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे बाइक से अपने घर उतरांव, जिला गाजीपुर लौट रहे थे।
रास्ते में चितबड़ा गांव के समीप स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। वे सड़क पर जा गिरे और सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हालांकि घायल को अस्पताल ले जाया गया लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कमलेश ने सिमरी में ही अपना घर बना लिया था। यहीं रहा करते थे। कुछ आवश्यक कार्य से बुधवार को अपने गांव जा रहे थे। लेकिन, यह उनका अंतिम सफर बन गया।



































































































