चुरामनपुर के मैदान में दिखा रोमांच, विजेता टीमों को मिला नकद पुरस्कार और चमचमाती ट्रॉफी बक्सर खबर। खेल भावना, अनुशासन और रोमांचक मुकाबलों का प्रतीक बक्सर हॉकी गोल्ड कप का मंगलवार की रात चुरामनपुर के खेल मैदान में भव्य समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों में महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में मानसी फाउंडेशन ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए द रिसरा क्लब को 3–1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान मानसी फाउंडेशन की टीम ने आक्रामक रणनीति और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में अभिनव क्लब और मातृभूमि स्पोर्ट्स क्लब के बीच कड़ा और संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। अंतिम क्षणों तक चले रोमांचक मैच में अभिनव क्लब ने 1–0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टूर्नामेंट में विजेता टीम को 11,000 नगद और उपविजेता टीम को 5500 नगद साथ ही आकर्षक ट्रॉफी, गिफ्ट, मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार प्रदान किए गए। टूर्नामेंट को सफल बनाने में रिशु राज, कामरान खान, सादिक खान, राहुल कुमार, प्रिंस कुमार पासवान, प्रिंस कुमार पांडे का सराहनीय सहयोग रहा। वहीं आयोजन में हॉकी के जिला सचिव सलमान खान का महत्वपूर्ण योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। बक्सर हॉकी गोल्ड कप 2026 ने स्थानीय एवं बाहरी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान किया और खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह का संचार किया।






































































































