जन सुराज की बैठक में बोले नीतीश कुमार को नहीं मिला जनादेश, यह मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट बक्सर खबर। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में बनने वाली सरकार का असली नियंत्रण राज्य से बाहर होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिलने वाला है जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा, जबकि फैसले भले ही बिहार में लिए जाएंगे लेकिन उनका लाभ गुजरात के लोगों तक पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई जाएंगी। रविवार को बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत शहर के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में प्रशांत किशोर ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के मुद्दे पर सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रशांत किशोर ने कहा कि वे पहले से ही कह रहे थे कि वर्तमान सरकार को मिला जनादेश वास्तविक नहीं है, बल्कि यह एक “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” है। उनका आरोप था कि भाजपा के लोगों ने दस-दस हजार रुपये देकर समर्थन खरीदा है। उन्होंने कहा कि जब जनादेश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर है ही नहीं, तो उनका राज्यसभा जाना तय था। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था। उस समय जन सुराज की ओर से घोषणा की गई थी कि बिहार में बनी नई सरकार को अपने वादे पूरे करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि इसके बाद बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों तक इस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे खुद हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं।
आगे की रणनीति पर उन्होंने कहा कि जनता ने जन सुराज को सड़क पर रहने और जनता की आवाज उठाने के लिए चुना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी जनता या उनके बच्चों के साथ अन्याय होगा, जन सुराज पूरी मजबूती के साथ उनके पक्ष में आवाज उठाएगा। बैठक में तथागत हर्षवर्धन, दिवाकर पाठक, बजरंगी मिश्रा, मनोज उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, धंजी पांडेय, प्रमोद राय, मनोज कुमार, आनंद मिश्रा, मणि शंकर पांडेय, धनंजय पासवान, डॉ. जितेंद्र, कनक लता सिंह, सुभाष राम, योगेंद्र यादव, हसन खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
































































































