बक्सर खबर। पिछले दिसंबर माह से जारी आंगनबाड़ी कर्मियों की हड़ताल आज बुधवार को समाप्त हो गई। सदर प्रखंड कार्यालय में स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के समक्ष आंगनबाड़ी कर्मियों ने एक दूसरे को गुलाल लगा सरकार के फैसले पर खुशी जाहिर की। उनकी दो मांगे राज्य सरकार ने मान ली हैं। इस वजह से पिछले डेढ़ माह से चल रही हड़ताल समाप्त होने की घोषणा हो गई है। गुरुवार को आंगनबाड़ी केन्द्र पुन: खुलेंगे।
वे अपने मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि और स्वयं को सरकारी सेवक घोषित जैसे मांगे लेकर अड़ी थी। केन्द्र सरकार ने पहले ही 1500 रुपये मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। अब उनकी मांग थी कि राज्य सरकार भी उसी अनुपात में मानदेय बढ़ाए। लेकिन, राज्य सरकार तीन सौ रुपये ही बढ़ाने को तैयार हुई थी। जिसके खिलाफ उन्होंने हड़ताल चल रही थी। अब राज्य सरकार ने भी उसमें और वृद्धि का वादा किया है।






























































































