अति पिछड़ा का बेटा ही फतह करेगा चुनाव : सरोज राजभर

0
450

दलित–अतिपिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा का अधिकार संवाद एवं जनसंवाद कार्यक्रम, प्रत्याशी बनाने की उठी मांग                                                                        बक्सर खबर। रविवार को नगर स्थित वृंदावन वाटिका में जिला दलित–अतिपिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की ओर से अधिकार संवाद एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के जिला संयोजक सह पूर्व प्रत्याशी सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन रामएकबाल ठाकुर ने किया। कार्यक्रम से पूर्व मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने वृंदावन वाटिका से अंबेडकर चौक तक विशाल जुलूस निकाला। बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जुलूस में लोगों ने आबादी और जातीय गणना के अनुसार अपनी हिस्सेदारी और सरोज राजभर को बक्सर विधानसभा से प्रत्याशी बनाओ जैसे नारे लगाए।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि दलित–अतिपिछड़ा समाज अब जाग चुका है और अपनी संख्या बल के दम पर राजनीतिक हिस्सेदारी चाहता है। मोर्चा ने अपने कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से अन्य दलों को शक्ति प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक संदेश दिया। मोर्चा के प्रमुख चेहरा और राजद के वरिष्ठ नेता सरोज राजभर ने कहा कि वे शुरू से ही गरीबों, दलितों और अति पिछड़ों की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जनता ने साथ दिया, तो बक्सर को विकास की मुख्य धारा से जोड़ दूंगा। महिलाओं की भागीदारी बता रही है कि इस बार का चुनाव अलग होगा अति पिछड़ा का बेटा ही बक्सर में फतह करेगा। पूर्व छात्र नेता बृजमोहन ठाकुर ने कहा कि बक्सर विधानसभा क्षेत्र में अति पिछड़ों की आबादी अधिक है, इसलिए पहला अधिकार उन्हीं का बनता है। उन्होंने कहा कि मोर्चा ने सर्वसम्मति से सरोज राजभर को प्रत्याशी घोषित किया है और इस बार विधानसभा में अति पिछड़ों की ताकत दिखेगी।

कार्यक्रम में जिला सह–संयोजक गुड्डू शर्मा, दिनानाथ ठाकुर, महिला मोर्चा की कृष्णावती देवी, नेहा कुमारी, नीलम देवी, तारा देवी, सुनीता देवी, अधिवक्ता सुनैना देवी, भृगु नाथ चौहान, लालबिहारी पाल, अजय कुमार सिंह, राजा लालबाबू माली, राजा राम राजभर, रमाकांत खरवार, राजकुमार राजभर, अजीत कुमार, तथा जननायक सामाजिक विकास मंच के नेता हिसामुद्दीन अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here