भागड़ में आए बाढ़ के पानी में नहाने गया था ढाई साल का आर्यन बक्सर खबर। सिमरी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है। गांव के पूर्वी टोला महादलित बस्ती का ढाई वर्षीय मासूम आर्यन कुमार गुरुवार को बाढ़ के पानी में डूब गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन गांव के पूर्वी हिस्से में फैले भागड़ में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और उसकी जान चली गई। जैसे ही घटना की जानकारी फैली, गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चे को खोजने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतक आर्यन, अजय राम का पुत्र और शिवप्रसन राम का पौत्र बताया जाता है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


































































































