-प्रति घंटे दो सेंटीमीटर का हो रहा इजाफा, शाम छह बजे 23 सेमी था नीचे
बक्सर खबर। गंगा के जलस्तर में भारी इजाफा हो रहा है। पानी प्रति घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। बुधवार की शाम छह बजे पानी का उच्चतम स्तर 60.09 मीटर था। जो खतरे के निशान से महज 23 सेंटीमीटर दूर था। अगर बढ़ने की गति यही रही तो पानी अगले 12 घंटे में खतरे के निशान को पार कर जाएगा। कहने का तात्पर्य है, गुरुवार की सुबह पानी खतरे के निशान को छू लेगा। हालांकि, जैसे-जैसे पानी ऊपर आता है। उसकी गति धीमी पड़ती है।
एक दिन पहले मंगलवार को इसके बढ़ने की गति प्रति घंटे आठ सेंटीमीटर थी। आज बुधवार को वह घटकर दो सेंटीमीटर रह गई है। लेकिन, चिंता वाली बात यह है कि पानी बढ़ने का सिलसिला थमा नहीं है। अगर पानी खतरे के निशान के करीब आया तो सबसे पहले चौसा-रामगढ़ पथ पर चढेगा। इसके अलावा पुलियां और गोविंदपुर इलाके में ठोरा का पानी कई सड़कों को आगोश में ले लेगा। ऐसी स्थिति में जगह रहने की जरूरत है। अगर हम बात वाराणसी और प्रयागराज की करें तो वहां भी पानी बढ़ने का सिलसिला इसकी औसत से जारी है।