दीपावली के बाद भगवान राम को अर्पित किए गए 56 प्रकार के व्यंजन बक्सर खबर। केसठ प्रखंड के दंगौली गांव स्थित मानस मंदिर में हर साल की तरह इस साल भी अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। दीपावली के बाद बुधवार को आयोजित इस भव्य आयोजन में भगवान राम को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। सुबह विधिवत आरती के बाद ठीक 11 बजे भगवान को विविध स्वादिष्ट पकवानों का भोग अर्पित किया गया। भोग लगने के पश्चात सैकड़ों ग्रामीणों और आस-पास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के व्यवस्थापक राम किंकर सिंह उर्फ भिखारी सिंह ने बताया कि इस मंदिर की स्थापना उनके बाबा स्व. हीरा सिंह ने वर्ष 1955 में रामनवमी के दिन की थी। तब से हर साल दीपावली के अगले दिन यहां अन्नकूट पर्व बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवान राम ने 14 वर्षों तक वनवास के दौरान राजसी सुख-सुविधाओं का त्याग किया था, इसलिए अयोध्या लौटने के बाद उन्हें वैभव से परिपूर्ण भोग अर्पित कर आनंदित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत 56 प्रकार के व्यंजन तैयार कर भगवान को भोग लगाया जाता है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही उमड़ पड़ी थी। आयोजन में राघवेन्द्र प्रताप सिंह, शिवेन्द्र प्रताप सिंह, केदार सिंह, उदय सिंह, अखंड प्रताप सिंह, हरेन्द्र सिंह, विष्णु कुमार, मुन्ना जी, सुमन जी और पुजारी ओमप्रकाश पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।