बक्सर खबर : शहर से सटे पांडेय पट्टी गांव में रविवार की रात अलख नारायण सिंह (53) को गोली मार दी गयी। घटना रात एक से डेढ़ बजे के बीच की है। घर के अंदर दीवार फांद कर दाखिल हुए अपराधी ने उनपर तीन गोलियां चलाई। पहली गले तथा दूसरी पेट में लगी। घटना की सूचना मिलने के रात ढाई बजे मुफ़स्सिल थाने की पुलिस वहां पहुंचीं। बिस्तर पर दो जगह खून फैला हुआ था। मौके से तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं। घायल को परिजन तुरंत लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घटना की वजह प्रोपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। अलख नारायण पिछले 25 वर्ष से पांडेयपट्टी में घर बनाकर रहते चले आरहे हैं। वे मूल रुप से राजपुर थाना के देवढियां गांव के निवासी हैं। योगी पांडेय के साथ प्रोपर्टी का व्यवसाय करते थे। दस दिन पहले भी उनके उपर गोली चली थी। उस वक्त भी वे सो रहे थे। तब अपराधियों ने दीवार के छेद से गोली मारी थी। इसकी चर्चा उन्होंने सबसे की थी। इनके घर के सामने ही भाई श्याम नारायण सिंह का मकान है। सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे किसी जमीन का विवाद है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।


































































































