बक्सर खबर : दिवाली का त्योहार शांति पूर्ण ढंग से जिले में संपन्न हो गया। इस बार हर जगह चाइनीज उत्पादों का विरोध होता दिखा। खरीदारी हुई भी बहुत कम। रौशनी से जगमगाता शहर और गांव। गलियां हों या घर। हर जगह पारंपरिक दीप नजर आए। चाइनीज की जगह भारतीय लडिय़ां भी जलती नजर आयीं। हर जगह गुलजार सा नजारा दिखा। प्रकाश उत्सव में सबसे अधिक उजाला बिजली के उत्पाद फैला रहे थे। इस बार उन गांवों में भी बिजली के बल्ब जले। जहां जिन्होंने दशकों से यह उजाला नहीं देखा था। राजपुर प्रखंड का बभनी गांव हो या चौसा प्रखंड का कुसुरुपा गांव। यहां बच्चों की खुशी देखने लायक थी। अपने जीवन में पहली बार इन्होंने दिवाली के दिन घर के बाहर जगमगाते रंग-बिरंगे बल्ब इतनी संख्या में देखे थे। हर गरीब और अमीर दिवाली मनाता दिखा। इन सबसे अलग देश की सीमा पर अमन के दुश्मनों के लोहा ले रहे वीर जवानों के सम्मान में भी हर नौजवान ने दिए जलाए। जगह-जगह भारत मां की जय के नारे भी लगे।



































































































