बक्सर खबर : घंटो मशक्कत के बाद गंगा में डूबे दोनों युवकों का शव निकाल लिया गया है। सिमरी के बीस डेरा घाट पर बुधवार की सुबह दस बजे के लगभग यह हादसा हुआ। शव दोपहर दो बजे के लगभग बरामद हुए। अभिमन्यु दुबे (21) व लाली गोड़ (18) स्नान के दौरान पानी में समा गए। दोनों युवक ग्राम खदरा पांडेयपुर के निवासी थे। गांव के ही रामजग दुबे के प्रवाह में शामिल होने गए थे।

घटना के बाद साथ गए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीओ से मदद मांगी। महाजाल का प्रबंध किया गया। घंटो मशक्कत हुई तब जाकर महाजाल में उनका शव छाना गया। वहीं दूसरी तरफ जब यह खबर उनके गांव पांडेयपुर पहुंची तो वहां हाहाकार मच गया। पहले ही गांव के एक वृद्ध की मौत से लोग शोकाकुल थे। उसके साथ दो युवकों की डूबकर हुई मौत ने सबको विचलित कर दिया। इस संबंध में बात करने पर अंचल कार्यालय के कर्मियों ने बताया सीओ साहब मुख्यालय से बाहर हैं। इनके परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा मिलेगा या नहीं ? उनका कहना था कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। साहब के आते ही मुआवजा देने की कार्रवाई होगी।

पूरी खबर जानने के लिए पढ़े :- मचा कोहरामः दाह-संस्कार में गये दो युवक गंगा में डूबे, मौत





























































































