आरपीएफ टीम को मिली सफलता, आरोपी जीआरपी को सौंपा गया बक्सर खबर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ को बुधवार की रात एक अहम सफलता मिली। निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी दीपक कुमार और आरक्षी कन्हैयालाल चौधरी की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम कुमार ओझा, निवासी शाहपुर, जिला भोजपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने किसी ट्रेन में खिड़की के पास सो रहे यात्री का मोबाइल चोरी किया था। आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को बरामद मोबाइल के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया है।


































































































