पिछले साल भी हुई थी चोरी, पुलिस की कार्यशैली से ग्रामीण नाराज बक्सर खबर। फरवरी महीने में जब जिले के किसान गेहूं की फसल की सिंचाई में दिन-रात जुटे हैं, उसी बीच इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खखड़ही गांव से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। गांव के सिवान स्थित खेतों से अज्ञात चोरों ने एक साथ पांच बोरिंग के स्टार्टर और वायरिंग के तार उखाड़कर चोरी कर ली। घटना से किसानों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। शनिवार सुबह जब किसान रोज की तरह पटवन के लिए खेतों में पहुंचे तो बोरिंग के स्टार्टर और तार गायब देख सन्न रह गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष चौधरी, मंजू उपाध्याय, मुरली उपाध्याय, मारकंडे चौधरी और मनीष चौधरी के बोरिंग उपकरणों को निशाना बनाया गया है। सभी किसान इन दिनों गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहे थे।
पीड़ित किसान मुरली उपाध्याय ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ी तत्व इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की चोरी हुई थी, जिसकी सूचना संबंधित थाने को दी गई थी। इसके बावजूद दोबारा वारदात होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। किसानों ने आशंका जताई है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगाम नहीं लगी तो आने वाले दिनों में पंप सेट और मोटर भी चोरी हो सकते हैं। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और किसान प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
































































































