नौ साल बाद दबोचा गया हरेन्द्र सिंह हत्याकांड में फरार विकास वर्मा

0
832

– कुछ माह पहले चार आरोपियों को  मिली उम्रकैद             बक्सर खबर। नया बस स्टैंड के समीप नौ साल पहले हरेंद्र सिंह की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता विकास वर्मा को नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर वीर कुंवर सिंह कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। विकास लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार था। इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्योंकि कुछ दिनों पूर्व ही बक्सर कोर्ट ने इस कांड में चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है।

यह मामला नगर थाना कांड संख्या 382/2016 और सेशन ट्रायल 354/2017 से जुड़ा है। अपर लोक अभियोजक रामनाथ ठाकुर के अनुसार, 22 अगस्त 2016 की रात बस स्टैंड से अपने घर सोहनीपट्टी लौट रहे हरेंद्र सिंह की पोखरा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन मृतक की पत्नी इंदू सिंह ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद था। विकास वर्मा ने मृतक से जमीन के नाम पर करीब 12 लाख रुपये लिए थे और रकम लौटाने से बचने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी।

अदालत ने साक्ष्यों और 10 गवाहों की गवाही के आधार पर जिला पार्षद सदस्य के पति सह प्रतिनिधि रिंकू यादव, रामाशीष उर्फ चतुरी, अजय कुमार पांडे और जयराम पासवान को दोषी करार देते हुए भारतीय दंड विधान की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास, धारा 326 के तहत 10 वर्ष का कठोर कारावास और 27 आर्म्स एक्ट के तहत चार वर्ष की सजा सुनाई थी। साथ ही पीड़िता को दो लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया गया है। विकास वर्मा इस हत्याकांड में फरार चल रहा था। नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई और विकास वर्मा को वीर कुंवर सिंह कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here