प्रख्यात शिक्षाविदों की मौजूदगी में हुआ बौद्धिक विमर्श, संस्थान ने दोहराया शैक्षणिक उत्कृष्टता का संकल्प बक्सर खबर। इटाढ़ी रोड स्थित फाउंडेशन स्कूल परिसर में संचालित जी डी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में बुधवार की देर शाम शैक्षणिक एवं साहित्यिक पत्रिका ‘नव परिवर्तन’ का भव्य और गरिमामय वातावरण में विमोचन किया गया। समारोह में शिक्षा और साहित्य जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर अतुल आदित्य पाण्डेय रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रजत जायसवाल, डॉ. तनवीर फरीदी, भरत प्रसाद एवं सरोज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के सचिव प्रदीप मिश्र ने की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के मेंटोर डॉ. राजेश्वर मिश्रा एवं प्राचार्य डॉ. जयराम चौधरी ने पत्रिका के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘नव परिवर्तन’ विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच बनेगी। उन्होंने इसे संस्थान की अकादमिक प्रतिबद्धता और बौद्धिक सक्रियता का प्रतीक बताया। मुख्य अतिथि प्रो. अतुल आदित्य पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार की साहित्यिक पत्रिकाएं विद्यार्थियों के चिंतन, अभिव्यक्ति और नवाचार को नई दिशा देती हैं। उन्होंने पत्रिका के नियमित प्रकाशन पर बल देते हुए इसे शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध बनाने वाला प्रयास बताया। विशिष्ट अतिथियों ने भी पत्रिका में प्रकाशित रचनाओं की विषयवस्तु, भाषा-शैली और वैचारिक स्तर की सराहना की।

मंच संचालन बीएड प्रथम वर्ष के छात्र दीपक पाठक एवं रितिका पाल ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा संस्थान परिवार ने भविष्य में भी शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों को इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, बरुन सर, संजीव सिंह, राजीव पाठक, सहायक प्राध्यापक सुनील मिश्रा, अरविंद सिंह, अजय पाल, कार्यालय अधीक्षक प्रकाश मिश्रा, प्रभाष सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
































































































