विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को मिली नई तकनीकों की जानकारी, एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक बक्सर खबर। लालगंज स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से हुई, जिसके बाद मंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उन्नत तकनीकों की जानकारी ली। इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डॉ. अनुप दास ने बताया कि देशभर में चल रहे अभियान के अंतर्गत बिहार-झारखंड के 8 लाख से अधिक किसानों को वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि तकनीकों व योजनाओं से अवगत कराया है।
विशिष्ट अतिथि कुलपति डॉ. पीएस पाण्डेय ने जानकारी दी कि जिले में चार मशरूम उत्पादन इकाइयां सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने में मददगार हैं। उन्होंने युवाओं को ड्रोन, सिलाई और कृषि यंत्र संचालन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया।राज्यमंत्री ठाकुर ने किसानों से उन्नत तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया और वैज्ञानिकों को ज्यादा से ज्यादा खेतों तक पहुंचने की सलाह दी। अटारी जोन-4 के निदेशक डॉ. अंजनी कुमार ने प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य पर जोर दिया। कार्यक्रम में लगभग 800 किसानों की भागीदारी रही और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 से अधिक प्रगतिशील किसानों व संगठनों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।

वहीं दूसरी ओर एक अन्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री ने जिला अतिथि गृह में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता हम पार्टी के जिलाध्यक्ष बलराम कुशवाहा ने की, जबकि संचालन भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने किया। मंत्री ने कहा कि सभी भारतीय जनता पार्टी के घटक दल मजबूती के साथ एक होकर विधानसभा चुनाव में जाएंगे और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर मजबूत सरकार बनाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे। बैठक का समापन जदयू के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के उद्बोधन से हुआ। इस बैठक में पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, विनोद सिंह, प्रेम मिश्रा, संतोष ओझा, रानी चौबे, राजेश सिन्हा, पुनीत सिंह, मनोज पाण्डेय, शीला त्रिवेदी, सुधा गुप्ता, इंदु देवी, संजय सिंह राजनेता, राघवेन्द्र सिंह, आजाद सिंह राठौड़, विश्वनाथ पासवान, राजेश कुशवाहा, जीतेन्द्र सिंह, जयप्रकाश चौधरी और उमाशंकर राय जैसे प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।