– एनएच पर शुक्रवार की सुबह हुई दुर्घटना, वाहन छोड़ भागा चालक
बक्सर खबर। मैजिक वाहन और बाइक के मध्य हुई टक्कर के कारण शुक्रवार की सुबह एक युवक की मौत हो गई। दूसरा सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना एनएच 319 पर सोनवर्षा गांव के समीप हुई। स्थानीय लोगों ने दोनों बाइक सवार को पास के अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने नइम आलम (27 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वह युवक रोहतास जिला के ग्राम + थाना चेनारी, निवासी राजू आलम का पुत्र था। घायल युवक की पहचान सबीर आलम ग्राम कैथी, थाना सोनहन, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया दोनों युवक बाइक से आरा की तरफ जा रहे थे। तभी सोनवर्षा पुल के समीप टूटे डिवाइडर से अचानक मैजिक वाले ने टर्न लिया। इतने में तेज बाइक उससे टकरा गई। दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। सूचना सोनवर्षा ओपी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उनकी पहचान हो जाने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि दोनों युवक आपस में मौसेरे भाई थे। सुबह ही घर से बाइक द्वारा आरा के लिए चले थे। तभी रास्ते में ऐसी दुर्घटना हो गई। वहीं दूसरी तरफ मैजिक चालक हादसे के बाद अपना वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे भी जब्त कर ली है।



































































































