गणित ओलंपियाड में निधि कुमारी बनीं राज्य टॉपर

0
116

बिहार दिवस पर आयोजित अन्य प्रतियोगिताओं में भी कई छात्रों को मिला पुरस्कार                                           बक्सर खबर। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बक्सर जिले के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। जिला शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में तैयार प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए राज्य स्तर पर अहम स्थान हासिल किए। सबसे बड़ी उपलब्धि कक्षा 9 से 12 के लिए आयोजित गणित ओलंपियाड में देखने को मिली, जहां निधि कुमारी ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी इस शानदार सफलता से शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है। इसी प्रतियोगिता में प्रिंस कुमार, नंदनी कुमारी एवं सत्यम कुमार को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तर पर सांत्वना पुरस्कार मिला।

चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में भी जिले के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रिया कुमारी ने चौथा स्थान तथा आयुष जायसवाल ने पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं, प्रिया वर्मा एवं अनमोल को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञान-विज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता में भी जिले के प्रतिभागियों ने अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। रतन जी गुप्ता, संदीप कुमार, शिखा कुमारी एवं बबली कुमारी को उनके उत्कृष्ट सामान्य ज्ञान और त्वरित उत्तर देने की क्षमता के लिए राज्य स्तर पर सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। छात्र-छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर समग्र शिक्षा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन द्विवेदी, स्थापना जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश उपाध्याय सहित सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। अधिकारियों ने इसे शिक्षकों और नोडल पदाधिकारियों की कड़ी मेहनत व समर्पण का परिणाम बताया, जिन्होंने जिला से लेकर राज्य स्तर तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here