एमवी कॉलेज में 16 मार्च को ओपन क्विज टेस्ट, छात्रों की बौद्धिक क्षमता की होगी परख

0
19

सामान्य ज्ञान पर आधारित होगी लिखित परीक्षा, अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन करेगा पुरस्कृत         बक्सर खबर। शहर के एमवी कॉलेज के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में छात्रों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 16 मार्च को ओपन क्विज टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महाविद्यालय के कक्ष संख्या–07 में आयोजित होगी। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस क्विज प्रतियोगिता में कॉलेज के सभी संकायों के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का सिलेबस विभिन्न विषयों से जुड़े मूलभूत सामान्य ज्ञान पर आधारित रहेगा। क्विज टेस्ट वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अवधि एक घंटा निर्धारित की गई है। परीक्षा का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. कृष्णाकांत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं छात्रों के ज्ञान, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने की अपील की। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक प्राध्यापक डॉ. वीरेंद्र कुमार और डॉ. नवीन शंकर पाठक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने अपने विभाग के छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here