सभी पंप संचालकों को स्टॉक रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने का निर्देश बक्सर खबर। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित स्थिति से निपटने तथा पेट्रोल-डीजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक बुलाई है। अनुमंडल कार्यालय की आपूर्ति शाखा से जारी पत्र के अनुसार यह बैठक 12 मार्च को दोपहर 1:30 बजे अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी पेट्रोल एवं डीजल एजेंसियों के प्रोपराइटर एवं प्रबंधकों को अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मध्य पूर्व की वर्तमान स्थिति के कारण ईंधन आपूर्ति में कमी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका भी बढ़ सकती है। इसे रोकने तथा आम लोगों को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की जा रही है।
एसडीओ ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने पंप पर उपलब्ध वर्तमान पेट्रोल-डीजल स्टॉक तथा वितरण क्षेत्र से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन के साथ बैठक में समय पर उपस्थित हों। इस बैठक की सूचना सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और आपूर्ति निरीक्षकों को भी दी गई है, ताकि वे भी बैठक में भाग लेकर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित कर सकें। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन का कहना है कि संभावित संकट की स्थिति में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखना और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।


































































































