-प्रशासन ने वैकल्पिक योजना के तहत किया है विस्तार
बक्सर खबर। चार दिनों तक चलने वाली छठ पूजा का आज शुक्रवार से श्रीगणेश हो रहा है। पहले दिन नहाय खाय होता है। इसके बाद खरना और फिर तीसरे दिन पहला अर्घ्य दिया जाता है। इस वर्ष 30 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाना है। लेकिन, गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण घाट छोटे पड़ रहे हैं। क्योंकि पानी ऊपर तक चढ़ा हुआ है। जिसको देखते हुए नगर परिषद ने कुछ घाटों को खतरनाक घोषित किया है।
जैसे चरित्रवन का लक्ष्मी नारायण घाट, बुढ़वा शंकर घाट, फुआ घाट, रानी घाट, जहाज घाट आदि। लोगों को गंगा किनारे छठ करने में असुविधा न हो। इसका ध्यान रखते हुए वैकल्पिक इंतजाम के तहत सोमेश्वर स्थान घाट, जेल घाट आदि का विस्तार किया गया है। जहां मिट्टी के लंबे चौड़े घाट को बोरियां डालकर विस्तारित किया गया है। लोग चाहें तो इसका उपयोग कर सकते हैं। यह जानकारी नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रेम स्वरुपम ने दी है।





























































































