लिट्टी-चोखा संग नव वर्ष का स्वागत, राजनीति से ऊपर दिखी सामाजिक समरसता बक्सर खबर। नए वर्ष के अवसर पर जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की ओर से स्थानीय स्टेशन रोड स्थित वृंदावन वाटिका में भव्य मैत्री भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, साहित्यकार, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक-दूसरे को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मैत्री भोज में पारंपरिक लिट्टी-चोखा और खीर का लोगों ने जमकर आनंद उठाया। सौहार्द और अपनत्व के माहौल में लोगों ने नव वर्ष का स्वागत किया। आयोजन स्थल पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आपसी मेलजोल और भाईचारे की झलक देखने को मिली। जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि वह हर वर्ष नव वर्ष के अवसर पर इस तरह के मैत्री भोज का आयोजन करते रहे हैं और इसी परंपरा को इस वर्ष भी निभाया गया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है और आपसी भाईचारा बढ़ता है। आने वाले वर्षों में इस कार्यक्रम को और भी भव्य रूप दिया जाएगा। इस मौके पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, वरिष्ठ अधिवक्ता नंद गोपाल वर्मा, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष राजू खरवार, रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, जदयू नगर अध्यक्ष संजय चौधरी, आजाद सिंह राठौड़, पंकज मानसिंहका, राजेश कुशवाहा, संजय सिंह राजनेता, रिंकू पाण्डेय सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।






























































































