-आत्महत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
बक्सर खबर। शहर के पुराना सदर अस्पताल में स्थित नर्सिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने फांसी लगा ली है। मंगलवार की देर शाम आठ बजे के बाद यह घटना हुई। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। रात नौ बजे के लगभग इसकी सूचना नगर थाने की टीम को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने छात्रा को फंदे से उतारा। सूचना के अनुसार मृतका का नाम नीतु कुमारी, उम्र लगभग बीस वर्ष है। वह पटना फतुहा की रहने वाली थी। उसके साथ ऐसा क्या हुआ जो उसने ऐसा कदम उठाया। मौत का कारण क्या हो सकता है?
इस संबंध में पूछने पर नगर कोतवाल दिनेश मलाकार ने कहा कि फिलहाल हम लोग उसे लेकर सदर अस्पताल आए हुए हैं। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नर्सिंग कॉलेज का परिसर आवासीय है। वहां अनेक छात्राएं व प्रशिक्षु रहते हैं। उनसे इस सिलसिले में पूछताछ होगी। कारण क्या रहा, इसकी जांच की जाएगी। पाठकों की जानकारी के लिए हम बता दें। सिविल लाइन में स्थित पुराना सदर अस्पताल के परिसर में नर्सिंग कॉलेज स्थापित है। जहां इनकी पढ़ाई होती है। सूत्रों के अनुसार वह सकेंड समेस्टर की छात्रा थी। एक दिन पहले ही घर से वापस कॉलेज आई थी।
































































































