-परिसदन में पार्टी नेताओं के साथ की बैठक, कहा कमजोर वर्ग का उत्थान चाहते हैं मुख्यमंत्री
बक्सर खबर। पूर्व मंत्री संतोष निराला का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महादलित आयोग का अध्यक्ष मनोनीत किया है। दो दिन पहले उनका मनोनयन हुआ था। पदभार ग्रहण करने के उपरांत शनिवार को वे पहली बार जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान ब्रह्मपुर से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह उनका स्वागत किया। ब्रह्मपुर पहुंचते ही पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद राय ने साथियों संग उनका स्वागत किया। दोनों लोग बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ का दर्शन करने पहुंचे।
वहां से जिला मुख्यालय पहुंचने पर यहां पार्टी जिलाध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां मीडिया से बात करते हुए संतोष निराला ने कहा कि इस आयोग का गठन 2007 में ही हुआ था। लेकिन, लंबे समय से इसका पद रिक्त था। एक बार पुन: मुख्यमंत्री जी ने इसे अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए प्रभावी किया है। इसमें मेरे अलावा चार सदस्य और हैं। जिनमें से तीन लोगों ने योगदान कर लिया है।

इस टीम का काम यही है कि अनुसूचित जाति के लोग जो आज भी मुख्य धारा में पीछे रह गए हैं। उसका विस्तृत आकलन कर समय-समय पर सरकार को रिपोर्ट दे। जिससे उनके कल्याण के लिए ठोस रूपरेखा बन सके। हम लोग उसका पूरा प्रयास करेंगे। इस दौरान स्वागत करने वालों में संजय सिंह राजनेता, संजय सिंह मझरिया, मोहन चौधरी, पंकज मानसिंहका, अशोक प्रजापति, झुलन, विमलेन्द्र कुमार बबलू, विजय कुशवाहा आदि अनेक नेता जिला मुख्यालय पहुंचे।


































































































