—शहर में निकली जागरूकता रैली, चूल्हा-दिया संभाल कर जलाओ के नारों से दी गई चेतावनी, हेल्पलाइन नंबर जारी बक्सर खबर। मुख्यालय पटना से प्राप्त आदेश एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देशानुसार अग्नि प्रवण काल को देखते हुए बुधवार को शहर में व्यापक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने किया, जिसमें अग्निशमन विभाग के अधिकारी व कर्मी सक्रिय रूप से शामिल हुए। रैली की शुरुआत फायर स्टेशन परिसर से की गई। फायर ब्रिगेड के वाहनों के साथ निकली यह रैली बाजार समिति रोड, अंबेडकर चौक, स्टेशन रोड होते हुए ज्योति प्रकाश चौक तक पहुंची और पुनः निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए फायर स्टेशन पर समाप्त हुई। इस दौरान कर्मियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया।
तख्तियों पर लिखे संदेश: चूल्हा दिया संभाल कर जलाओ, आग से अपना घर-परिवार बचाओ, लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। रैली के माध्यम से आमजन को आग लगने की संभावनाओं और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस मौके पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि मार्च से जून तक के महीनों में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि सूझबूझ से काम लें। यदि कपड़ों में आग लग जाए तो दौड़ने के बजाय तुरंत जमीन पर लोटकर आग बुझाने का प्रयास करें। उन्होंने यह भी बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर रहती है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर स्टेशन के मोबाइल नंबर 7485805930 पर सूचना देकर समय रहते मदद प्राप्त की जा सकती है।

































































































