-ओपीडी का बहिष्कार करने वाले डॉक्टरों से मिले जन प्रतिनिधि
बक्सर खबर। सदर अस्पताल के बाहर 21 जनवरी की तड़के आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया था। साथ ही उपचार के लापरवाही बरतने वाले चिकित्सक के साथ धक्का-मुक्की भी। इस घटना के विरोध में गुरुवार से ही सरकारी चिकित्सक ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार कर रहे थे। आज उसका दूसरा दिन था। लेकिन, कुछ राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों द्वारा इस मामले में पहल किए जाने के उपरांत आज शुक्रवार को चिकित्सक अपने काम पर वापस लौट आए। यह जानकारी सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने साझा की। उन्होंने स्वयं भी इसके लिए पहल की।
इसके लिए सिविल सर्जन डॉक्टर शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती से जदूय के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, संजय सिंह, जितेन्द्र सिंह व कुछ सामाजिक लोग मिले और उनसे बात की। इसके उपरांत चिकित्सा संगठन के लोगों ने सुरक्षा की मांग रखते हुए काम पर वापस लौटने का फैसला किया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने सड़क जाम करने वालों के विरूद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें एक नामजद समेत 25-30 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। पूछने पर नगर थाने की पुलिस ने कहा अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो के आधार पर होगी। जिन लोगों ने सड़क जाम कर आमजन को परेशान किया और आवागमन बाधित किया।































































































