शहर में डीएम का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने व नो व्हीकल जोन बनाने का निर्देश

0
275

–मॉडल थाना से तड़का नाला तक चलेगा बुलडोजर, सड़कों पर सघन पौधारोपण और दीवारों पर पेंटिंग का आदेश                                                                    बक्सर खबर। शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने शहर के ऐतिहासिक किला मैदान, पुराना बस स्टैंड तथा लाईट एंड साउंड परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अतिक्रमण, पार्किंग व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अतिथि गृह जाने वाले मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित करते हुए वहां सूचना बोर्ड लगाने तथा सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए।

मॉडल थाना से तड़का नाला तक सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने और अनधिकृत पार्किंग पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही रामरेखा घाट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 15 दिनों के भीतर समुचित पार्किंग स्थल विकसित करने का आदेश दिया। लाईट एंड साउंड कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पहुंच पथों की मरम्मत, पर्याप्त साफ-सफाई तथा सड़क किनारे सघन वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लाईट एंड साउंड परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने तथा उसके सुचारु संचालन एवं रख-रखाव की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

फोटो – रामरेखा घाट रोड का निरीक्षण करते डीएम- एडीएम

किला मैदान में मंच के जीर्णोद्धार, पेवर ब्लॉक लगाने तथा पुराना बस स्टैंड से रामलीला मंच की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे स्थित दीवारों की पेंटिंग और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश भी नगर परिषद को दिया गया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जवाहर मध्य विद्यालय का भी भ्रमण किया। विद्यालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण पूछा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर एडीएम अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here